नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के मंत्री सतेंद्र जैन का मानना है कि दिल्ली के हॉट स्पॉट में संक्रमण कम हुआ है। 90 फीसदी जोन में संक्रमण के नए मामले नहीं आए है।
जैन का दावा है कि दिल्ली में मरीजों की संख्या पहले की तुलना में कम हुई है। जबकि ठीक होकर घर जाने वालों का अनुपात दूसरे राज्यों से बेहतर है। सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में करीब 32 फीसदी मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं। यह दूसरे राज्यों की तुलना में सबसे ज्यादा है।
हालांकि, हॉट स्पॉट की संख्या सौ पहुंच जाने पर उनका कहना है कि दिल्ली सरकार की रणनीति रही है कि तीन या ज्यादा मरीज आ जाने पर इलाके को सील किया जा रहा है। इससे दूसरे राज्यों की तुलना में दिल्ली में इनकी संख्या ज्यादा है। लेकिन इससे संक्रमण रोकने में मदद मिली है।
इस वक्त 90 फीसदी हॉट स्पॉट में संक्रमण के नए मामले नहीं आ रहे हैं। केंद्र की तरफ से प्लाज्मा थेरेपी पर आए बयान पर सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र से मंजूरी लेकर प्लाज्मा थेरेपी पर ट्रायल कर रही है।
केंद्र सरकार इसे वहां रोकने की बात कर रही है, जो बिना मंजूरी के इसका प्रयोग कर रहे हैं। सत्येंद्र जैन ने माना कि प्लाज्मा थेरेपी सिर्फ एक प्रयोग है। यह मान्य इलाज नहीं है। इसलिए यह विशेषज्ञों की निगरानी में होता है।
हरियाणा यूपी सीमा सील पर कर रहे बात
उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार की ओर से दिल्ली की सीमा सील होने पर दिल्ली सरकार का कहना है कि यह केंद्र सरकार के निर्देशों का उल्लंघन है। सत्येंद्र जैन के मुताबिक, वह इस मसले पर दोनों राज्यों के साथ बातचीत कर रहे है। कोशिश यही है कि जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों की आवाजाही पर बंदिश न लगाई जाए।