बहादुरगढ़। सिंचाई विभाग की ओर से मुंगेशपुर ड्रेन की सफाई के बाद निकली गाद को उठाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। एमआईई पार्ट-ए क्षेत्र में महिला थाना रोड पर गाद डाले जाने के कारण यह मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया था। इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही थी। स्थानीय निवासियों और औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान की मांग की थी। स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग ने कार्रवाई तेज करते हुए अब गाद को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता इशान सिवाच ने बताया कि ड्रेन की सफाई के दौरान निकली गाद को अस्थायी रूप से सड़क किनारे डाला गया था जिससे यातायात प्रभावित हो गया था। अब गाद उठाया जा रहा है।