मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के ग्राउंड फ्लोर और एमआरडी विभाग में टॉयलेट का गंदा पानी घुस गया। गंदगी और बदबू के कारण वहां जाना मुश्किल हो गया था। इस स्थिति पर पीडब्ल्यूडी विभाग ने अपनी जिम्मेदारी से इनकार करते हुए अधीक्षक को पत्र भेजा।
मेकाज निर्माण के दौरान कम व्यास के पाइपों का उपयोग किया गया था। मरीजों द्वारा टॉयलेट में खाना और अन्य कचरा फेंकने से बाथरूम अक्सर चोक हो जाते थे। बीते सोमवार को एमआरडी विभाग के पास स्थित टॉयलेट का पानी कमरों में फैल गया। इस गंदगी से निकलने वाले बैक्टीरिया मरीजों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक थे। इन सब के बावजूद पीडब्ल्यूडी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं आए।
इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने अधीक्षक को पत्र भेजकर इन कार्यों को अपना काम मानने से इन्कार कर दिया। अधीक्षक डॉक्टर अनुरूप साहू ने मरीजों की सुरक्षा के लिए खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने पूरे फ्लोर की सफाई करवाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पीडब्ल्यूडी का इनकार
पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही उजागर होने के बाद मंगलवार सुबह अधीक्षक डॉक्टर अनुरूप साहू को एक नोटिस जारी किया गया। इसमें विभाग के अधिकारियों ने साफ तौर पर अपने हाथ खींचते हुए कहा कि यह काम उनका नहीं है। उन्होंने अधीक्षक को अपने स्तर पर काम कराने को कहा। इस पत्र के आने के बाद से आला अधिकारियों ने इस बात की जानकारी ऊपर तक दे दी है।
जिम्मेदारी पर सवाल
अगर देखा जाए तो मेकाज को पूर्ण रूप में अभी तक सौंपा नहीं गया है। वार्ड से लेकर हॉस्टल तक की पूरी जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग की है। लेकिन मंगलवार को मिले पत्र से विभाग ने काम करने से साफ मना कर दिया है। अब यह परेशानी है कि वार्डों से लेकर हॉस्टल तक के काम को पीडब्ल्यूडी के आला अधिकारियों द्वारा दुरुस्त रखा जाएगा कि नहीं।