जगदलपुर में भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा दिया गया नारा आज साकार हो चुका है। उन्होंने जनसंघ से भाजपा तक के सफर को याद किया।
भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को स्थापना दिवस पर एक संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के इतिहास और सिद्धांतों पर प्रकाश डाला।
विज्ञापन
देव ने बताया कि छह अप्रैल 1980 को स्थापित पार्टी के मुंबई अधिवेशन में अटल बिहारी वाजपेयी ने "अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा" का नारा दिया था। आज यह नारा साकार रूप में सबके सामने है। उन्होंने जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी तक के सफर को लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम बताया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं का उल्लेख किया। लालकृष्ण आडवाणी, राजमाता विजय राजे सिंधिया और कुशा भाऊ ठाकरे का भी योगदान रहा। वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व की सराहना की। पार्टी एक भारत श्रेष्ठ भारत, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद के विचार से प्रेरित है। संगठन मां भारती को परम वैभव के लक्ष्य पर पहुंचाने के लिए करोड़ों कार्यकर्ताओं के साथ परिश्रम कर रहा है।
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी सदैव जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील और प्रगतिशील रही है। देश के पच्चीस करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से बाहर आना पार्टी की बड़ी उपलब्धि है। भारत विश्व की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। सशक्त और मजबूत सेना तथा भारत का समृद्ध होना पार्टी के प्रयासों का परिचायक है। देव ने कहा कि पार्टी के लिए राष्ट्र सर्वप्रथम है, पार्टी दूसरे स्थान पर और स्वयं अंतिम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्र विकास में निरंतर आगे बढ़ने और जनसेवा में सदैव तत्पर रहने को कहा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक उपाध्यक्ष निवास मिश्रा ने भी संगोष्ठी को संबोधित किया। भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने प्रारंभिक उद्बोधन दिया और जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही ने संचालन किया।