कोतवाली थाना क्षेत्र में फूड इंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 1.91 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि आसना स्कूलपारा निवासी विनोद पानीग्राही (43) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके परिचित लॉरेंस एंथोनी कुज ने मंत्रालय में अच्छी पकड़ होने का दावा करते हुए फूड इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था।
आरोप है कि 24 जुलाई 2022 से 20 सितंबर 2024 के बीच आरोपी ने प्रार्थी से गूगल पे और चेक के माध्यम से अपने खाते में कुल 1 लाख 91 हजार 500 रुपये जमा करवाए। जब भी प्रार्थी नौकरी के संबंध में पूछता आरोपी उसे लगातार टालता रहा। काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर प्रार्थी को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ और उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: Bhilai News: चाय की टपरी पर छात्रा के साथ छेड़छाड़, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना, हिरासत में आरोपी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को दुर्ग-भिलाई भेजा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से अपने घर पर नहीं रह रहा था और लगातार ठिकाने बदल रहा था।
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने गूगल पे के माध्यम से पैसे लेने और नौकरी दिलाने के नाम पर रकम प्राप्त करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को 2 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।