बहादुरगढ़। सांखौल निवासी सतबीर ने दामाद हर्ष और तीन अन्य पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया। सतबीर 11 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे बहादुरगढ़ स्थित बिस्किट कंपनी से घर लौट रहे थे। रूपाली ढाणी के पास कार से उतरे दामाद हर्ष (इस्माइला) और तीन अन्य ने उन्हें पीटा। आरोप है कि हर्ष ने सतबीर की कनपटी पर पिस्तौल लगाकर जान से मारने की धमकी दी। वह अपनी पत्नी नेहा से तलाक के कागजों पर हस्ताक्षर करवाना चाहता था। ऐसा न करने पर उसने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घायल सतबीर नागरिक अस्पताल में भर्ती हैं डॉक्टरों ने चिकित्सा रिपोर्ट में सात चोटें दर्ज कीं। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने चार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष सत्यवीर सिंह ने बताया कि पिस्तौल संबंधी जांच भी जारी है।