झज्जर। जिला भर में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को गांव सिलाना में एक दिवसीय सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम सिलाना और धर्मेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से कैंप का अवलोकन किया। इस अवसर पर भाजपा नेता श्याम सिलाना ने कहा कि सेवा सेतु कैंप का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों तक सहज एवं सरल तरीके से पहुंचाना है। ऐसे कैंप के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझने में सुविधा मिलती है। भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु कैंप जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक ज्यादा से ज्यादा संख्या में कैंपों में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।