सड़क में बने गड्ढों में भरा पानी।
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज़ एजेंसी
झज्जर । साल्हावास गांव में झज्जर कोसली रोड पर गहरे गड्ढे होने की वजह से अनेक बार हादसे हो चुके हैं। लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
साल्हावास गांव को खंड का दर्जा दिया गया है। वही उप तहसील भी गांव में है। कृषि विभाग, पुलिस स्टेशन व अन्य विभागों के कार्यालय होने के बावजूद इस गांव की समस्याओं को लेकर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गांव में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने की वजह से सड़क पर पानी भरा रहता है और वाहनों के आवागमन के कारण सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिसकी वजह से कई बार रात के समय इन गड्ढों में दोपहिया वाहन चालक गिरकर घटना का शिकार हो चुके हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी तहसील व खंड में जाने के लिए इसी सड़क से गुजरते हैं ।अधिकारियों के संज्ञान में मामला होने के बावजूद भी इस समस्या का समाधान नहीं करवाया जा रहा है। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतने पर मजबूर होना पड़ रहा है।