राजा का तालाब (कांगड़ा)। विकासखंड फतेहपुर की पंचायत छत्तर जोगियां में बच्चों के पार्क में हो रहे निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। शिकायतकर्ता कुलदीप कुमार, रवि कुमार, बलवीर पठानिया सहित अन्य लोगों ने बताया कि पार्क के नीचे की जगह को पक्का किया जा रहा है जबकि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। इनका कहना है कि पक्का करने के बजाय यहां मिट्टी डाली जानी चाहिए जिससे किसी कारणवश झूला झूलते समय बच्चे गिर जाएं तो उन्हें किसी खतरे से न गुजरना पड़े। लोगों ने आरोप लगाया कि न केवल अनावश्यक रूप से जगह को पक्का किया जा रहा है। बल्कि इसमें खड्ड के मैटीरियल का भी इस्तेमाल हो रहा है। स्थानीय लोग अब इस निर्माण की जांच की मांग कर रहे हैं। इस विषय में फोन के माध्यम से प्रधान व उपप्रधान से संपर्क करने की कोशिश की गई तो फोन पर उपलब्ध नहीं हो पाए। विकास खंड अधिकारी फतेहपुर सुभाष अत्री ने संज्ञान लेते हुए कहा मीडिया के माध्यम से मामला ध्यान में आया है। कार्य को तुरंत काम बंद करवाने के निर्देश दे दिए हैं। काम में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।