भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक पूरे देश में सहकारिता सप्ताह-2026 मनाया जाएगा। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में भी सहकारिता के माध्यम से किसानों की समृद्धि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने आज शनिवार को स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों को दी।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता सप्ताह को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जनभागीदारी आधारित अभियान का स्वरूप दिया जाएगा। राज्य के प्रत्येक जिले, विकासखंड एवं सहकारी समिति स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर किसानों, युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, लघु वनोपज संग्राहकों, बुनकरों तथा ग्रामीण उद्यमियों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकार से समृद्धि केवल एक नारा नहीं, बल्कि राज्य सरकार की कार्यसंस्कृति का आधार है। सरकार का लक्ष्य है कि सहकारिता का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी सहकारी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित करे।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रदेश की 2573 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) सहित दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों में सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा रू-पे केसीसी कार्ड वितरण, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठियां, एफपीओ एवं पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा सहित अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अवगत कराते हुए कहा कि 3 एवं 4 जुलाई को रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह एवं सहकारी संगोष्ठी आयोजित होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे। कार्यक्रम में पैक्स, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज, बुनकर एवं अन्य सहकारी संस्थाओं के साथ नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको, कृभको, राज्य सहकारी संघ सहित अनेक राष्ट्रीय संस्थाएं भाग लेंगी।