खुर्जा जंक्शन। सबकुछ ठीक रहा तो एक सप्ताह के भीतर पैसेंजर ट्रेनें भी ट्रैक पर दौडऩे लगेंगी। लोकल स्तर पर ट्रेनों को चलाने के लिए रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। लॉकडाउन से लेकर अब तक पैसेंजर ट्रेनों का संचालन ठप होने से लोकल यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना संक्रमण के चलते लॉडडाउन लगने के बाद से ट्रेनों का संचालन ठप हो गया था। बीच-बीच में प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने के लिए ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया था। वहीं ३१ मई को लॉकडाउन ०.४ समाप्त होने के बाद १ से रेलवे ने ट्रेनों का संचालन शुरू किया। इस दौरान दिल्ली हावड़ा मार्ग पर जंक्शन पर रुकने वाली गोमती एक्सप्रेस, महानंदा आदि ट्रेनें भी चलने लगीं। लेकिन अभी तक पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रेलवे ने नहीं शुरू किया। इसके कारण लोकल यात्रियों को आवागमन करने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में ट्रेनों से आवागमन करने वाले नौकरी पेशा लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्टेशन अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि पैसेंजर ट्रेनों को चलाने के लिए उच्चस्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। जानकारी मिली है कि एक सप्ताह के भीतर ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सकता है। हांलाकि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आदेश नहीं आए हैं।