झज्जर (वि)। दिल्ली रोड स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को सीबीपी (कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम) के तहत शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका विषय एनसीएफ (नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क) रहा। कार्यक्रम में करीब 60 शिक्षकों ने भाग लिया। रिसोर्स पर्सन मिस नीरजा और मिस्टर विकास यादव ने एनसीएफ के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थी-केंद्रित, कौशल आधारित और अनुभवात्मक शिक्षण अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के समग्र विकास, ज्ञान, कौशल, क्षमताओं और जीवनोपयोगी दक्षताओं के विकास पर चर्चा हुई। गतिविधियों, उदाहरणों, समूह चर्चा और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से कक्षा शिक्षण को प्रभावी, रोचक व व्यवहारिक बनाने के तरीके बताए गए। विद्यार्थियों की अलग-अलग सीखने की क्षमताओं व जरूरतों के अनुसार शिक्षण रणनीति अपनाने पर भी जोर दिया गया। विद्यालय निदेशक धर्मेंद्र जून ने रिसोर्स पर्सन का आभार जताते हुए शिक्षकों से प्रशिक्षण में मिली तकनीकों को कक्षा में लागू करने का आह्वान किया। शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।