अनाज मंडी में सरसों खरीद व्यापारी
- फोटो : AMAR UJALA
दो दिन के बाद बुधवार को अनाज मंडी में फिर से खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई। सरसों की खरीद के लिए 200 किसानों को बुलाया गया। जिसमें सुबह की पारी में 79 किसान अपनी सरसों लेकर अनाज मंडी पहुंचे। सोमवार के बाद मंगलवार को भी उठान के कारण खरीद को स्थगित किया गया था। मंडी में अब तक करीब 81 हजार बैग सरसों का उठान हो चुका है। लगभग 25 हजार बैक का उठान होना बकाया है। उठान न होने के कारण मंडी में सरसों की ढेरी बनाने के लिए जगह नहीं बची थी।जिसके बाद उठान का फैसला लिया गया था। महेंद्रगढ़ अनाज मंडी में अब तक करीब 1 लाख 06 हजार बैग सरसों की खरीद हो चुकी है। शुरूआत के दिनों में उठान प्रक्रिया बेहद धीमी रही। जिस कारण मंडी में बोरियों के ढेर लगते रहे। अप्रैल अंत आते आते मंडी में सरसों की बोरी रखने के लिए जगह नहीं बची। मंडी में इतनी जगह भी नहीं बची कि यहां पर सरसों की ढेरी लगाई जा सके। जगह न होने के बाद भी किसानों को बुलाया जाता रहा। ऐसे में आढती सरसों को बिना झराई, सफाई, जांच के सीधे ही बारदाने में पैक कराने लगे। अमर उजाला ने इस मामले को उठाया। जिसके बाद वेयर हाउस ने दो दिन सरसों खरीद बंद रखने का फैसला लिया। सोमवार, मंगलवार को सरसों की खरीद बंद कर उठान कराया गया। अब तक करीब 81 हजार बैग का उठान हो चुका है। लगभग 25 हजार बैग का उठान होना बकाया है। रविवार को आढती तथा खरीद एजेंसी में तनाव के कारण कुछ किसानों की सरसों नहीं बिक सकी थी। ऐसे किसानों को मंगलवार को मौका दिया गया। रविवार के दिन कटे टोकन वाले 48 बचे हुए किसानों की 1375 क्विंटल सरसों खरीदी गई। बुधवार से सरसों की खरीद प्रक्रिया सामान्य हो गई। जिसमें रोजाना 200 किसानों को मैसेज किए गए।
वहीं सतनाली अनाज मंडी में 13898 क्विंटल गेहूं, 2700 क्विंटल सरसों की खरीद की गई।अनाज मंडी में खरीदी गई फसल की पैकिंग और उठान का कार्य जारी है। मार्केट कमेटी ऑक्सन रिकार्डर दारा सिंह ने बताया कि अनाज मंडी में कुल 55131 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। कुल 34633 क्विंटल सरसों की खरीद की जा चुकी है। बस स्टैंड खरीद केंद्र के सुपरवाइजर रविंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को 375 क्विंटल के साथ कुल 23655 क्विंटल सरसों खरीदी जा चुकी हैं ।