रैपिड टेस्ट कराने पहुंची नगर पालिका चेयर पर्सन व अन्य
- फोटो : AMAR UJALA
महेंद्रगढ़। नारनौल से आई एंबुलेंस टीम ने रैपिड टेस्ट किए।जिसमें नगर पालिका की चेयरपर्सन, महिला पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने टेस्ट कराए। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव मिली है। नगर पालिका के सफाई कर्मियों के स्वैब जांच के लिए रोहतक पीजीआई भेजे गए हैं।
एसएमओ मोनू यादव के निर्देशने में नागरिक अस्पताल में दूसरे दिन रैपिड टेस्ट किया। डॉ. आशीष राव ने बताया कि रैपिड टेस्ट में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक खांसी, जुकाम आदि के लक्षण दिखने पर पहले 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जाता है और उसके बाद उस व्यक्ति के खून के नमूने लेकर एंटीबॉडी टेस्ट या सीरोलॉजिकल टेस्ट किए जाते हैं। जिसका परिणाम भी आधे घंटे के अंदर आ जाता है।इस जांच में देखते हैं कि संदिग्ध मरीज के खून में कोरोना वायरस से लड़ने के लिए एंटीबॉडी काम कर रही है या नहीं। वायरस से होने वाला संक्रमण पूरी तरह से खत्म हो जाने के बाद भी ये एंटीबॉडी शरीर में कुछ समय तक मौजूद रहते हैं। इससे डॉक्टरों को यह पहचानने में मदद मिलती है कि मरीज पहले संक्रमित था या नहीं। उन्होंने बताया कि कोविड 19 का टेस्ट दो तरीके से होता है। एक रैपिड टेस्ट जिसकी रिपोर्ट 10 मिनट में आ जाती है।जो ब्लड से होता है। दूसरा स्वैब टेस्ट जो नाक व गले से लिक्विड लिया जाता है। जिसकी रिपोर्ट लगभग दो दिन में आती है।