छतरपुर का कंप्यूटर ऑपरेटर, जिसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश लोकायुक्त ने छतरपुर के बड़ा मलहरा में महिला एवं बाल विकास अधिकारी कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोप है कि महिला एवं बाल विकास अधिकारी एकता गुप्ता ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को मूल गांव में पदस्थापित करने के लिए सवा लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस रिश्वत के हिस्से के तौर पर 30 हजार रुपये कंप्यूटर ऑपरेटर गोलू सेन के मार्फत ली जा रही थी। लोकायुक्त ने ट्रैप की कार्रवाई करते हुए सोनू को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस की आठ सदस्यीय टीम ने बड़ा मलहरा में महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में यह कार्रवाई की। रजपुरा थाना बड़ा मलहरा निवासी मुकेश अहिरवार ने लोकायुक्त को शिकायत की थी कि उसकी पत्नी संपत देवी अहिरवार खैरी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता है। खैरी से ग्राम रजपुरा ट्रांसफर करने के लिए एकता गुप्ता ने उससे सवा लाख रुपये की रिश्वत मांगी है। बाद में 30 हजार रुपये पर बात आगे बढ़ी। लोकायुक्त पुलिस ने निरीक्षक बीएम द्विवेदी एवं मंजू सिंह के नेतृत्व में 8 सदस्यीय टीम ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।