अलीगढ़। कुपोषण के खिलाफ जंग लड़ने के लिए और सामाजिक कुरीतियों से लोहा लेने के लिए हैरी एस्ट्रोनॉमी क्लब अब अपना लोकल सुपर हीरो हॉर्स लेकर आ रहा है । चाचा चौधरी और नागराज की तर्ज पर हॉर्स नाम का यह सुपर हीरो एक खास तरह के गेटअप में लोगों को सहायता उपलब्ध कराएगा । जिन लोगों के पास खाना नहीं है उनको भोजन, जिनको कपड़ा नहीं है उनके पास कपड़ा और जिनके पास चिकित्सा सुविधा नहीं है उनको दवा और उपचार उपलब्ध कराएगा। हैरी एस्ट्रोनॉमी क्लब के प्रवक्ता रंजन राणा ने बताया कि हॉर्स नाम का यह किरदार हैरी एस्ट्रोनॉमी क्लब द्वारा शुक्रवार को लांच किया जा रहा है । ऐसी बस्तियां चिन्हित की जाएंगी जहां पर बच्चे कुपोषण का शिकार है। जिसके बाद उन्हें सही दिशा में निर्देशित किया जा सके। उन्होंने बताया कि सुपर हीरो के किरदार के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने का मकसद यह है कि एक तो लोगों का ध्यान आकर्षण हो और अधिक से अधिक लोग सामाजिक कार्यों के लिए आगे आएं। दूसरा यह कि मदद जिन हाथों से की जा रही है, उनकी पहचान छुपी रहे । बस लोकल सुपर हीरो का नाम ही लोगों को याद रहे। उन्होंने बताया कि हॉर्स के माध्यम से खाना और उपचार के अलावा गरीब बच्चों को किताबें, बस्ते, रीडिंग मैटेरियल, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करना भी शामिल है।