राजनांदगांव जिले के घुमका थाना पुलिस ने ग्राम घुमका के चौरसिया बाड़ी के पास जुआ खेल रहे आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से 1 लाख 85 हजार रुपये नगद, चार मोबाइल और अन्य सामान जब्त किया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत की गई है।
.
जुआ खेलने वालों पर कड़ी कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, घुमका थाना पुलिस को लगातार मुखबिरों से सूचना मिल रही थी कि ग्राम घुमका के चौरसिया बाड़ी के पास 52 पत्ती ताश के खेल में पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है।
इस सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सायबर सेल की संयुक्त टीम के साथ मिलकर मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई में आठ जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
.
आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने जिन आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान मुकेश तिवारी, मनोज बघेल, शैलेंद्र वर्मा, प्रमोद वर्मा, राकेश वर्मा, देवा वर्मा, फागूराम यादव और खेमचंद वर्मा के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कुल 1 लाख 85 हजार रुपये नगद, चार मोबाइल फोन और जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना जिले में बढ़ रहे जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे ऐसी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।