चकरनगर। कस्बा स्थित जयगुरुदेव गेस्ट हाउस के पास जनसेवा केंद्र से बुधवार को जेवरों से भरा टिफिन गायब हो गया। जेवरों की कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
तेजपुरा निवासी सुमन देवी पत्नी विजय सिंह ने थाने में तहरीर दी है। इसमें बताया कि वह 26 नवंबर को अजीतमल में भतीजी की शादी में जा रही थी। शाम करीब चार बजे वह कस्बा स्थित जनसेवा केंद्र से रुपये निकालने पहुंचीं। रुपये निकालने के बाद वह उसी समय चार पहिया वाहन से मायके के लिए रवाना हो गईं। मायके पहुंचकर जब उन्होंने बैग खोला तो बैग में रखा जेवरों से भरा टिफिन गायब था। टिफिन में चार अंगूठियां, चार तोले की चार चूड़ियां, दो तोले का हार, मंगलसूत्र का पेंडल, ओम की माला और कानों की झुमकी रखी थीं। चकरनगर लौटीं और जनसेवा केंद्र पहुंचकर कैमरा फुटेज दिखाने को कहा लेकिन वहां मौजूद युवक ने कैमरा खराब बताया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक केंद्र से भाग निकला। पीड़िता ने जेवर चोरी की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि महिला को मायके पहुंचकर जेवर चोरी होने की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। (संवाद)