झज्जर। शहर के एक निजी होटल में खाना खाने के दौरान गर्म खाने को लेकर हुए विवाद में होटल मालिक और कर्मचारियों पर चार लोगों से मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। गांव आसौदा निवासी अश्वनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 अक्तूबर को उनकी कंपनी की मीटिंग दीप होटल में थी। मीटिंग में वह अपने तीन साथियों के साथ आया था। मीटिंग खत्म होने के बाद खाना खाते समय गर्म खाने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि होटल मालिक और करीब 14-15 कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने भागने का प्रयास किया तो रास्ता रोककर दोबारा पीटा और बंधक बना लिया। इसके बाद अश्वनी ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने चारों को अस्पताल पहुंचाया। संवाद