झज्जर। सेवा मेरा योगदान’ थीम पर सफाई कर्मचारियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संवाद भवन में आयोजित जिला स्तरीय कैंप में सफाई कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर स्वास्थ्य जांच कराई। जिला नगर आयुक्त जगनिवास ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित यह विशेष शिविर 30 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत जिले के सभी ब्लॉकों और नगर पालिकाओं के अंतर्गत नजदीकी नागरिक अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। शिविर में नियमित, अनुबंधित, डोर-टू-डोर और पार्ट-टाइम सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ सभी सीवरमैनों को कवर किया जा रहा है। डीएमसी जगनिवास ने कहा कि सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाना जरूरी है। बिना सुरक्षा किट के किसी भी सीवरमैन को सीवर में न उतारा जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।