साल्हावास। झाड़ली चौकी पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में हितेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अक्षय निवासी झोलरी, जिला रेवाड़ी ने शिकायत में बताया कि वह अपने चचेरे भाई हेमंत के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान हितेश अपनी क्रेटा कार लेकर आया और शनि मंदिर चलने की बात कहकर दोनों को साथ ले गया। रास्ते में दीपेश भी कार में सवार हो गया। बहु-कोसली मार्ग पर हितेश ने कार को तेज गति से चलाया। सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में कार पेड़ से टकरा गई, जिससे सभी घायल हो गए। हेमंत की हालत गंभीर बनी हुई है।