बहादुरगढ़। भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद जसवीर सैनी ने शहर में वाहनों पर अवैध रूप से लगाई जा रही मॉडिफाइड एलईडी लाइटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि तेज रोशनी वाली एलईडी लाइटें यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। सैनी ने कहा कि ऐसी लाइटें केवल अधिकृत विभागों और अधिकारियों के वाहनों पर ही लगाई जा सकती हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान करने की मांग की। साथ ही लोगों से भी अपील की कि अवैध एलईडी लाइट वाले वाहनों की सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।