झज्जर। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिले की प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। उन्होंने पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें तथा किसी त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित समय पर दावा-आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि नाम शामिल होने पर किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है। नाम छूटने पर फॉर्म-6 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। दावे और आपत्तियां 30 अगस्त 2026 तक ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ या एप के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती हैं। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।