-फोटो 92 : नजफगढ़ रोड पर स्थित आनंद नगर में सप्लाई में आया गंदा पानी। स्रोत पाठक
बहादुरगढ़। बरसात के मौसम में शहर की कई कॉलोनियों में दूषित पेयजल आपूर्ति से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घरों के नलों से बदबूदार, मटमैला और गंदा पानी आने की शिकायतें मिल रही हैं। देव नगर, आदर्श नगर, आनंद नगर सहित आसपास की कॉलोनियों के नसीब सिंह, सुनील कुमार, अनिल शर्मा, राजकुमार व कृष्ण कुमार ने बताया कि दो-तीन दिनों से पानी में मिट्टी और सीवर जैसी दुर्गंध आ रही है। पानी का रंग काला होने से लोग इसे घरेलू कार्यों में भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग को शिकायत दी, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि बरसात में जलापूर्ति लाइन में रिसाव या सीवर का पानी मिलने से समस्या हो सकती है। कई परिवार बाजार से पानी खरीद रहे हैं या पानी उबालकर इस्तेमाल कर रहे हैं। लोगों ने लाइनों की जांच, रिसाव ठीक कराने और पानी की गुणवत्ता जांच की मांग की है। दूषित पानी से डायरिया, टाइफाइड, पीलिया व संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन अमन मोर ने बताया यदि कहीं पर सप्लाई में गंदा पानी पहुंच रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
-फोटो 92 : नजफगढ़ रोड पर स्थित आनंद नगर में सप्लाई में आया गंदा पानी। स्रोत पाठक