बहादुरगढ़। उपमंडल अधिकारी अभिनव सिवाच की अध्यक्षता में वीरवार को समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनी गई। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिविर में पुलिस विभाग, नगर परिषद, जन स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें दर्ज की गई। एसडीएम अभिनव सिवाच ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।