जगदलपुर में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल प्रवास के दौरान उनकी गरिमा का ध्यान न रखने और कथित अपमान को लेकर नाराजगी जताई।
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल प्रवास पर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमा का ध्यान न रखने और उनके अपमान की कथित घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए विरोध दर्ज कराया।
विज्ञापन
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष संतोष बघेल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस सरकार ने सारी हदें पार कर दी हैं। राष्ट्रपति का पद राजनीति से ऊपर होता है और इस पद की गरिमा हमेशा बनी रहनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास के दौरान उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने और उनका अपमान करने का कुत्सित प्रयास किया गया, जिससे देश सहित आदिवासी समाज भी आहत है।
पश्चिम बंगाल सरकार और तृणमूल कांग्रेस के इस रवैये के विरोध में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने ममता बनर्जी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध जताया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, जिला महामंत्री परीस बेसरा, सफीरा साहू, प्रकाश झा, सुधा मिश्रा, लक्ष्मी कश्यप, महेन्द्र सेठिया, संजय चंद्राकर, राधेश्याम पन्द्रे, सुरेश कश्यप, गणेश नागवंशी, बृजेश कपूर, अनिमेष चौहान, राज पाण्डेय, गागरा राम, धरमू मण्डावी, चमेली झिराम, महादेव नाग, संतोष गौर, राजू पोयाम, रामसिंह नाग सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।