भरथना। मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे बाइक सवार ने सड़क किनारे खड़े छात्र को टक्कर मार दी। हादसे में छात्र घायल हो गया। बाइक सवारों ने ग्रामीणों पर पीटने का आरोप लगाया है। वहीं घायल के भाई ने आरोप गलत बताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। भरथना-बिधूना मुख्य मार्ग पर नगला हीरामन गांव के सामने शनिवार की सुबह करीब 10 बजे भरथना से बिधूना की तरफ जा रही बाइक की टक्कर से छात्र (11) अंशुल निवासी नगला हीरामन घायल हो गया। सड़क किनारे खड़ा छात्र बाइक की चपेट में आकर घायल हो गया। टक्कर के बाद अरविंद शर्मा (45) छोला नाला गिरधारीपुरा कस्बा भरथना व प्रशांत जैन (49) निवासी मोहल्ला ब्रजराज नगर कस्बा भरथना सड़क पर गिर पड़े। बाइक सवार अरविंद शर्मा के भाई महेश शर्मा का आरोप है कि भाई अरविंद अपने मित्र के साथ किसी आवश्यक कार्य से बाहरपुर जा रहा था। बालक अचानक सड़क पार करने के दौरान हादसा हो गया। हादसा देखकर आए ग्रामीणों ने भाई समेत उसके मित्र के साथ पीट दिया था। घायल छात्र अंशुल के चचेरे भाई शनि ने बताया कि भाई अंशुल स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे खड़ा था। उसी दौरान फोन पर बात करते हुए तेजी से जा रहे बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। इससे अंशुल घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बाइक सवारों से मारपीट का आरोप गलत है। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया घटनास्थल पर पुलिस गई थी। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। संवाद