बिहार सरकार के पंचायती राज्य मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शनिवार को नौबतपुर-पटना मुख्य मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंत्री की गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत थी कि गाड़ी में बैठे लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने फौरन पिकअप को जब्त कर लिया।
सासाराम से पटना लौट रही थी मंत्री की गाडृी
मामले में थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि शनिवार को बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम की गाड़ी सासाराम से पटना लौट रही थी। इसी क्रम में नौबतपुर के नजदीक विपरीत दिशा से आ रही एक पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में मंत्री की इनोवा गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
पिकअप वैन का ड्राइवर पुलिस की गिरफ्त में
पिकअप वैन पर आलू प्याज लगा हुआ था। पुलिस ने पिकअप वाहन को जप्त कर लिया है और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि हादसे के वक्त पंचायती राज्य मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम खुद गाड़ी में सवार नहीं थे। उनका ड्राइवर गाड़ी लेकर पटना लौट रहा था। इसी क्रम में नौबतपुर के पास यह हादसा हुआ।