पहासू। छतारी रोड स्थित हॉट स्पॉट क्षेत्र में बेरिकेटिंग उखाड़ कर किसी ने फेंक दिया। सुबह जब लोगों ने देखा तो इसकी शिकायत नगर पंचायत के अधिकारियों से की। इसके बाद नगर पंचायत की टीम ने आकर फिर बेरिकेटिंग लगाई। बेरिकेटिंग फेंकने को लेकर अराजक तत्वों पर शक जताया जा रहा है। छतारी रोड पर पूर्व में एक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद इलाके को बेरिकेटिंग लगाकर सील कर दिया गया था। मोहल्ले से प्रशासन की टीम ने ४० लोगों को क्वारंटीन किया था। रविवार रात किसी हॉटस्पॉट क्षेत्र में लगाई गई बेरिकेटिंग तोड़ दी और उसे खाली प्लॉट में फेंक दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान कोई पुलिस कर्मी ड्यूटी पर मौजूद नहीं था। जबकि हॉट स्पॉट क्षेत्र में लोगों की गतिविधियों की निगरानी रखने तथा लोगों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। रविवार सुबह जब लोगों ने गली में बेरिकेटिंग नहीं देखा तो उनके होश उड़ गए। लोगों ने खाली प्लॉट में पड़े बल्लियों को देखकर नगर पंचायत के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची नगर पंचायत की टीम ने दुबारा बल्लियां लगाकर बेरिकेटिंग की। बताया जा रहा है कि बेरिकेटिंग तोड़कर फेंकने का काम अराजक तत्वों का हो सकता है। वहीं इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क हो गया है। नगर पंचायत पहासू के अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्र ने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में काफी सख्ती बरती जा रही है। जो भी नियमों का उल्लंघन करते पाया जा रहा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। ईओ ने बताया कि बेरीकेटिंग तोड़े जाने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। जांच पड़ताल से आशंका है कि बेरिकेटिंग तोडऩे का काम अराजक तत्वों का हो सकता है। इसकी जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बेरिकेटिंग तोड़ कर निकलने के लिए बनाया रास्ता खुर्जा नगर में घोषित हॉटस्पॉट क्षेत्र में लगी बेरिकेटिंग तोड़ कर लोगों ने गलियों से निकलने का रास्ता बना लिया है। कई स्थानों पर तो प्रशासन ने लोहे की जाली लगा दी है ताकि लोग गली से बाहर न निकल सकें। लेकिन हॉट स्पॉट क्षेत्र के अंतर्गत नगर के डोरी मोहल्ले में लोगों ने निकलने के लिए बेरिकेटिंग का कुछ हिस्सा तोड़ दिया है। वहीं पदम की पुलिया के पास गली से निकलने के लिए लोगों बेरिकेटिंग से रास्ता बना लिया है। पुलिस से नजर बचाकर हॉटस्पॉट क्षेत्र से लोगों का बाहर निकलना जारी है। सीओ सुरेश सिंह ने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र से बाहर निकलकर नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।