झज्जर। गांव रईया में खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सदर थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार गांव रईया निवासी वजीर ने पुलिस में शिकायत में बताया है कि 11 जुलाई की शाम वह अपने खेत में गया था। वहां उसने देखा कि गांव के ऋषिपाल, उसकी पत्नी रिंकी और अन्य लोग उसकी फसल को ट्रैक्टर से नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह घर लौट आया और डायल-112 पर सूचना दी। पीड़ित ने बताया कि जब वह शिकायत देने थाना जा रहा था, तभी विकास नामक युवक ने फोन कर उसे गालियां दीं और खुद को कई बार जेल जा चुका बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने धमकी की कॉल रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ऋषिपाल, रिंकी और विकास के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।