ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर नाले में गिरा
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर के दक्ष चौराहे और तीनपानी धाम के बीच खुशी वाटिका के पास मंगलवार शाम भारी लोहे का सामान लदा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और उसे गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और राहगीरों ने चालक को ई-रिक्शा से बाहर निकालने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ई-रिक्शा में करीब ढाई से तीन क्विंटल लोहे का सामान लदा था। बताया गया कि पीछे से आ रही कार की टक्कर लगने के बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित हुआ और नाले में जा गिरा। हालांकि, टक्कर की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भारी सामान लदा होने के कारण ई-रिक्शा को नाले से बाहर निकालने में भी परेशानी हुई। हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर भीड़ लगी रही। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।