हत्या के आरोपियों को ले जाती पुलिस
- फोटो : AMAR UJALA
बीएससी स्टूडेंट विकास की हत्या में प्रयोग की गई ऑल्टो गाड़ी को बरामद कर लिया गया है। हत्या करने के लिए पिता, ताऊ की ओर से दिए गए 3.80 लाख रुपये में से 3.60 बरामद हुआ है। जिस अंगोछा से विकास का गला दबाया गया वह भी बरामद कर लिया गया है। पुुलिस ने यह सभी बरामदगी होने के बाद चारों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सैनीपुरा निवासी विकास सैनी की हत्या में आरोपी विकास के पिता ईश्वर सिंह, ताऊ अनिल, मोहित , आशुतोष की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या लिए दिया गया पैसा बरामद कर लिया है। जिसमें आशुतोष के घर से 2.30 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। मोहित से 1.30 रुपये बरामद हुए हैं। आशुतोष को 2.50 लाख रुपये मिले थे। जिसमें उसने 20 हजार रुपये शराब आदि में खर्च कर दिए। हत्या के लिए मोहित को 1.30 लाख रुपये मिले थे। जिसमें उसने पैसे खर्च नहीं किए। पूरा पैसा घर से ही बरामद हो गया। जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि 7 जुलाई को विकास का ताऊ अनिल, मोहित तथा आशुतोष उसे अपने साथ ले गए थे। आशुतोष अपने किसी रिश्तेदार की ऑल्टो गाड़ी मांग कर लाया था। इस गाड़ी में चारों सवार हुए। करीब डेढ़ से दो घंटे तक गाड़ी में बैठकर उसे घुमाते हुए शराब पीते रहे। साजिश के तहत विकास को अधिक शराब पिला रहे थे। जब विकास पूरी तरह से नशे में बेसुध हो गया तब आशुतोष ने अंगोछे से गला दबाया। मौत हो जाने के बाद उसे डंपिंग स्टेशन के पास फेंक कर उस पर गाड़ी चढ़ा दी। गाड़ी चढाने से विकास के चेहरे पर , पीठ व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट आई। गाड़ी, पैसा, हत्या में प्रयोग किया गया अंगोछा बरामद होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को शुक्रवार को एसडीजेएम हिमांशु सिंह की अदालत में पेश किया। अदालत ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है। एक जुलाई को भी विकास के घर गया था आशुतोष विकास की हत्या की कई दिन पहले से ही साजिश रची जा रही थी। इसी साजिश के तहत हत्या का मुख्य आरोपी आशुतोष एक जुलाई को विकास के घर गया था। जहां परिवार के लोगों के साथ मिलकर रणनीति बनानी शुरू की थी। हत्या की इस साजिश में विकास के पिता ईश्वर, ताऊ अनिल, मां, ललिता, ताई शारदा ,मुख्य आरोपी आशुतोष तथा मोहित उर्फ मोंटी गिरफ्तार हो चुके हैं। ललिता व शारदा को वीरवार को ही झज्जर जेल भेज दिया गया था।
आरोपियों का दो दिन का रिमांड पूरा हो गया। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ऑल्टो गाड़ी, 3.60 लाख रुपये, अंगोछा को बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने इन चारों को जेल भेज दिया। नवल किशोर, थाना प्रभारी महेंद्रगढ़
ताऊ ने ही दर्ज कराया था हत्या का केस 7 जुलाई की सुबह मोदाश्रम मंदिर के पास स्थित डंपिंग स्टेशन एरिया में सैनीपुरा निवासी बीएससी स्टूडेंट विकास सैनी का शव बरामद हुआ था। जिसके चेहरे ,शरीर पर चोट के निशान थे। एक कान भी कटा हुआ मिला था। विकास की हत्या की शिकायत ताऊ अनिल ने ही दी थी।जिसमें ताऊ अनिल ने हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। कुछ घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पिता, ताऊ सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतक विकास के मोबाइल की कॉल डिटेल से यह पूरी साजिश का खुलासा हुआ।