झज्जर। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को फार्म 6 भरने के आदेश जारी किए हैं। विभाग की वेबसाइट पर दिए गए लिंक के जरिए यह फार्म ऑनलाइन भरा जाएगा। स्कूल की ओर से मुखिया का नाम, फोन नंबर, ऑफिशियल ई मेल आईडी, स्कूल का कोड और प्रबंधन समिति/ट्रस्ट का नाम भरा जाना है। फार्म 6 भरने की अंतिम तिथि 31 मार्च है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक ने कहा कि यदि कोई स्कूल फार्म 6 जमा करने में विफल रहता है तो उस स्कूल का एमआईएस पोर्टल तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा। इसके अलावा किसी स्कूल ने फार्म 6 में भरी जाने वाली फीस से अधिक फीस विद्यार्थियों से वसूली तो उनके खिलाफ शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।