मां की मौत के दूसरे दिन ही शराबी दोस्तों ने युवक पर शराब पीने का दबाव बनाया। मना किया तो इस कदर आग बबूला हो गए कि बुधवार को दिन दहाड़े घर में घुसकर फायरिंग कर दी, जिसमें एक महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। गुन्नौर कोतवाली में तीन युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव नंदरोली निवासी अवधेश पुत्र भूरे सिंह की मां ज्ञानवती की एक जनवरी को निधन हो गया था। इस कारण उसके घर पर उसकी सास माया देवी पत्नी रामेश्वर निवासी झाड़पुर थाना जरीफनगर जिला बदायूं व अन्य रिश्तेदार आए थे। दो जनवरी की शाम को उसके पड़ोसी दोस्त नरेश पुत्र राजेंद्र समेत तीन लोग आए और शराब पीने के लिए कहने लगा। जब उसने मना किया तो कहा कि नहीं पीना है तो उन्हें पिलाए।
इसके लिए पड़ोसियों ने रुपये मांगे। तभी तीनों चले गए। लेकिन अवधेश की यह बात नरेश को नागवार गुजरी। बुधवार की सुबह नरेश, कोमल व जीतपाल को लेकर उसके घर में घुस आया और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। जिसमें गोली अवधेश की सास माया देवी के दाएं कूल्हे पर लगी, जिससे वह घायल हो गई।
जमीन पर गिर गई, आसपास के लोगों ने उठा कर थाने ले आए। जिसमें पुलिस ने सीएचसी को रेफर किया लेकिन बाद में जिला अस्पताल संभल को रेफर कर दिया गया। एसएसआई सत्यवीर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।