झज्जर। जिले में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का पालन सुनिश्चित करने और प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने औद्योगिक इकाइयों, डीजल जनरेटर, वाहनों के धुएं, सड़कों की धूल, खुले में कचरा जलाने और निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाने को कहा। उन्होंने सड़कों की नियमित सफाई, मैकेनिकल व वैक्यूम स्वीपिंग और जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए। बहादुरगढ़ क्षेत्र के परनाला, बामनोली, लडरावन, कसार, मुकंदपुर, खैरपुर, कानोंदा और गुभाना गांवों में पराली जलाने की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संवाद