झज्जर। गांव फतेहपुरी निवासी एक व्यक्ति ने अपने ही छोटे भाई और भतीजे पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार फतेहपुरी निवासी वेदपाल ने शिकायत में बताया है कि 26 जुलाई की शाम वह अपने घर के बाहर हुक्का पी रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई जयपाल और भतीजा साहिल अचानक वहां पहुंचे। आरोप है कि साहिल ने लोहे की रॉड से उसके हाथ पर वार कर दिया जबकि जयपाल ने तेजधार फरसे से उसके सिर पर हमला किया। हमले में उसके हाथ और सिर पर चोटें आईं। वेदपाल के अनुसार, वह उपचार के लिए सरकारी अस्पताल झज्जर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में जयपाल ने अपनी गाड़ी से उनका रास्ता रोक लिया। जयपाल ने उसे पुलिस को घटना की सूचना नहीं देने के लिए कहा और पुलिस को शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।