कांकेर जिले के दुर्गकोंदल थाना क्षेत्र में खेत से लौट रही महिला के गले से सोने की माला समझकर चेन झपटकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की और रायपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार जब्त कर ली।
कांकेर जिले के दुर्गकोंदल थाना क्षेत्र में खेत से पैदल घर लौट रही एक महिला से सोने की माला समझकर गले में पहनी चेन झपटने का मामला सामने आया है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है।
विज्ञापन
दुर्गकोंदल थाना प्रभारी ने बताया कि 3 जून को प्रार्थिया श्रीमती कुमारीबाई, निवासी ग्राम घोटिया, विक्रमगंज स्थित अपने खेत से काम खत्म कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान भानुप्रतापपुर-दुर्गकोंदल मुख्य मार्ग पर विक्रमगंज के समीप एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। कार में तीन युवक और एक युवती सवार थे।
पुलिस के अनुसार, कार से उतरे एक युवक ने बातचीत के बहाने महिला को रोक लिया और उसके गले में पहनी माला को सोने की माला समझकर झपट लिया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ कार में बैठकर मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
महिला की शिकायत पर दुर्गकोंदल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष भट्टाचार्य को रायपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति डिजायर कार भी बरामद कर ली है। जब्त वाहन की कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।