24jjrp12- झज्जर। कॅरिअर काउंसिलिंग मेले में विद्यार्थियों को जानकारी देते। स्रोत- आयोजक
झज्जर। गुरुग्राम रोड स्थित सहवाग इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कॅरिअर काउंसिलिंग मेले में करीब 20 विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों ने भाग लिया। मेले में विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और कॅरिअर के अवसरों की जानकारी दी गई। जर्मनी के एमडीडब्ल्यूआई यूनिवर्सिटी की सहभागिता भी आयोजन का विशेष आकर्षण रही। मेले में महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सहित विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि पहुंचे। गुरुग्राम के संस्थानों ने भी इसमें भाग लिया। प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विकल्पों से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार पाठ्यक्रमों व भविष्य की संभावनाओं को लेकर उनसे संवाद किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष गुप्ता ने कहा कि मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी मिली। उन्होंने इसे विद्यार्थियों को बेहतर कॅरिअर विकल्प चुनने में मार्गदर्शन देने की पहल बताया।