अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसने की कार्रवाई के तहत खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने एक युवक को 5 धारदार बटनदार चाकुओं और 2 वॉकी-टॉकी के साथ गिरफ्तार किया है।
रायपुर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसने की कार्रवाई के तहत खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने एक युवक को 5 धारदार बटनदार चाकुओं और 2 वॉकी-टॉकी के साथ गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि रामेश्वर नगर, भनपुरी क्षेत्र में एक युवक धारदार चाकू लेकर लोगों को आतंकित कर रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा, जिसकी पहचान इमरान अंसारी (18 वर्ष), निवासी रामेश्वर नगर, थाना खमतराई, रायपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू और 2 वॉकी-टॉकी बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि उसने ऑनलाइन शॉपिंग एप "मिशो" से 4 और धारदार चाकू मंगवाए हैं। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुल 5 बटनदार चाकू और वॉकी-टॉकी जब्त किए।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी कार्रवाई
प्रतिबंधित धारदार बटनदार चाकू की ऑनलाइन बिक्री के मामले में पुलिस ने संबंधित शॉपिंग एप और डिलीवरी पार्टनर को नोटिस जारी किया है। इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों और चाकूबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।