धमतरी के रुद्री बैराज मुख्य नहर में एक युवती के छलांग लगाने की घटना सामने आई, जहां पास में मौजूद युवकों ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली। पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया, लेकिन आत्महत्या का प्रयास या अन्य कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
विज्ञापन
गुरुवार को धमतरी शहर से सटे रुद्री बैराज के पास एक युवती, जो बालोद जिले की कॉलेज छात्रा है, काफी देर तक अकेले खड़ी थी। अचानक उसने मुख्य नहर में छलांग लगा दी। नहर के पास नहा रहे कुछ युवकों ने उसे डूबते देखा और तुरंत नहर में कूदकर उसे बाहर निकाला। उस समय युवती बेहोश हो चुकी थी। युवकों ने उसके पेट को दबाकर पानी निकाला, जिसके बाद उसे होश आया। युवती ने अपने परिजनों को सूचित करने की बात कही।
घटना की सूचना मिलते ही रुद्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने ले गई। पुलिस ने युवती के परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवती बालोद जिले की रहने वाली है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उसने आत्महत्या के इरादे से नहर में छलांग लगाई थी या कोई अन्य कारण था। मामले की जांच जारी है। नहर में कूदकर युवती की जान बचाने वाले युवकों की तत्परता और साहस की सराहना की जा रही है। उनकी सूझबूझ ने एक अनमोल जिंदगी को बचा लिया।