अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुरूवार 21 जून को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालयों, विकासखण्ड मुख्यालयों और ग्राम पंचायतों के स्तर पर सुबह योगाभ्यास के कार्यक्रम होंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी तैयारियां छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में पूरी हो गई है। गुरूवार 21 जून को राजधानी रायपुर सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालयों, विकासखण्ड मुख्यालयों और ग्राम पंचायतों में सुबह सात बजे से आठ बजे तक सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, प्रभारी मंत्री, संसदीय सचिव और निगम मंडल के अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में आम जनता के साथ योगाभ्यास करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रमन सिंह राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
रायपुर के इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय विद्युत राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आर.के. सिंह और लोकसभा सदस्य रमेश बैंस करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस सिलसिले में सभी जिला कलेक्टरों को परिपत्र जारी कर दिया है।
परिपत्र के अनुसार प्रभारी मंत्री अपने-अपने प्रभार जिलों के कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके अलावा संसदीय सचिव और निगम मंडल अध्यक्ष भी विभिन्न जिलों में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
परिपत्र में जिला कलेक्टरों से कहा गया है कि वे मुख्य अतिथियों से परामर्श कर योग दिवस का आयोजन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने बताया कि सामूहिक योग प्रदर्शन का यह कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
सामूहिक योगाभ्यास में शामिल होने के इच्छुक नागरिकों से सादे और योग के लिए उपयुक्त परिधान में आने की अपील की गई है।