छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों ने एक ट्रक चालक को कुचलकर मार डाला। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के वन मंडल अधिकारी प्रणय मिश्रा ने बताया कि जिले के छाल क्षेत्र में आज तड़के जंगली हाथियों ने एक ट्रक चालक को कुचलकर मार डाला है। मिश्रा ने बताया कि धरमजयगढ़ क्षेत्र के छाल वन परिक्षेत्र के अंतर्गत घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर बीती रात एक हाईवे ट्रक खराब हो गया था जिसके बाद ट्रक चालक ट्रक के भीतर केबिन में ही सो गया था।
आज तड़के जब जंगली हाथियों का दल वहां से गुजरा तब उन्होंने ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब इस घटना से डरकर ट्रक चालक वहां से भागने लगा तब हाथियों ने उसे कुचलकर मार डाला।
ट्रक चालक की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी सनोज राम के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन अमला घटनास्थल पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने बताया कि मृतक सनोज राम अन्य राज्य का निवासी है। परिजनों के आने के बाद ही तत्कालिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।