राजस्थान वनरक्षक भर्ती परीक्षा
- फोटो : RSMSSB Forest Guard Exam
संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण (प्रशिक्षण पक्ष), नवा रायपुर छात्रावास अधीक्षक और छात्रावास अधीक्षिका पद के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन 23 जुलाई को किया जाएगा। इस परीक्षा की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर को सौंपी गई है। वर्तमान में परीक्षा का प्रवेश पत्र व्यापम के वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। इस परीक्षा को लेकर बेमेतरा जिले में कुल 16 केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा 23 जुलाई रविवार को सुबह 10 से 12.15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
बेमेतरा जिले के परीक्षा केंद्रों में कुल 4,800 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थी प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र की मूल प्रति अपने साथ अनिवार्य रूप से रखें। व्यापम से प्राप्त निर्देशानुसार परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष में मोबाइल, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि पर पूर्ण प्रतिबंध होगा। परीक्षा के दौरान असामाजिक तत्वों व नकल आदि को रोकने सक्षम अधिकारियों के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल गठित किया गया है। परीक्षा केंद्रों में गोपनीय सामग्री पहुंचाने व परीक्षा के बाद गोपनीय सामग्री सुरक्षित जमा करने पर्यवेक्षक की नियुक्ति करते हुए पर्याप्त मात्रा में परीक्षा केंद्रवार पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है।
जिले की इन जगहों को बनाया गया केंद्र
शासकीय पं. जवाहर लाल नेहरू विज्ञान एवं कला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा, लक्ष्मण प्रसाद वैद्य शासकीय कन्या महाविद्यालय बेमेतरा, शासकीय बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय बेमेतरा, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल बेमेतरा, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल बेमेतरा, स्वामी आत्मानंद शिवलाल राठी अंग्रेजी माध्यम स्कूल बेमेतरा, शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय जेवरी, शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय जेवरा, शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय कठिया रांका बेमेतरा, इंडियन पब्लिक स्कूल बेमेतरा, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बेरला, शासकीय नवीन कॉलेज बेरला, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय बेरला, शासकीय बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय बेरला, शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय सरदा और शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय ग्राम बावामोहतरा शामिल है।