आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने पर महासमुंद जिले के तीन निजी अस्पतालों को योजना से तीन माह के लिए निलंबित कर दिया गया है। इन अस्पतालों में महानदी हॉस्पिटल (महासमुंद), सेवा भवन हॉस्पिटल (ग्राम जगदीशपुर, पिथौरा) और अंबिका हॉस्पिटल (ग्राम खरखरी, सरायपाली) शामिल हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान इन तीनों अस्पतालों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत इलाज की सुविधा नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र मरीजों को निर्धारित पैकेज के अनुसार निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जानी चाहिए, लेकिन इन अस्पतालों द्वारा दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था।
डॉ. राव ने बताया कि यदि कोई पंजीकृत अस्पताल आयुष्मान कार्डधारी मरीजों का निःशुल्क इलाज करने से मना करता है या योजना के नियमों का उल्लंघन करता है, तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 104 पर की जा सकती है। साथ ही नागरिक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय अथवा खण्ड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में भी लिखित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी टोल फ्री नंबर पर प्राप्त की जा सकती है।