कबीरधाम जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, दो गंभीर रूप से घायल हैं। नाराज ग्रामीणों ने पुलिस की देरी का आरोप लगाते हुए नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया।
कबीरधाम जिले में बुधवार शाम हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
विज्ञापन
पंडरिया थाना क्षेत्र के कापादह गांव में शाम करीब 7:30 बजे एक बाइक सवार सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गया। इस हादसे में लोरमी थाना क्षेत्र के एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पंडरिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, पिपरिया थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर दशरंगपुर गांव के पास एक अन्य हादसा हुआ। यहां सामने से आ रही पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र के एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों घायल और मृतक के शव को कवर्धा जिला अस्पताल लाया गया।
विज्ञापन
दशरंगपुर हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। नाराज लोगों ने कवर्धा-सिमगा नेशनल हाईवे पर रात आठ बजे से 10 बजे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। दशरंगपुर पुलिस चौकी मामले की जांच कर रही है। दोनों हादसों के कारणों और जिम्मेदारियों की पड़ताल जारी है।