कोरबा-चांपा मार्ग पर उरगा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो रिश्तेदारों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी।
कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर उरगा चौक के पास एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। मृतकों की पहचान बरीडीह गांव निवासी पुरुषोत्तम पटेल (35) और अयोध्या पटेल (38) के रूप में हुई, जो आपस में रिश्तेदार थे।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। उरगा थाना पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। इस बीच, गुस्साए ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों ने ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच शुरू कर दी है।