छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में माओवादी समर्थक होने के आरोप में एक स्थानीय भाजपा नेता और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने पीटीआई को बताया कि जगत पुजारी और रमेश उसेंडी (32) नाम के आरोपियों को शनिवार को कथित रूप से एक हार्डकोर नक्सली को ट्रैक्टर मुहैया कराते वक्त गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि बारसूर गांव के मूल निवासी जगत पुजारी भाजपा दंतेवाड़ा जिला इकाई के उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि इस बात की सूचना मिलने के बाद कि अभुजमाड क्षेत्र के वरिष्ठ कैडरों ने माओवादियों की इंद्रावती क्षेत्र समिति में सक्रिय मिलिशिया कमांडर-इन-चीफ अजय अलामी को कुछ चीजें खरीदने के लिए पैसा दिया था, पुलिस ने इसके बाद कार्रवाई करने का प्लान तैयार किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस पुजारी समेत कुछ संदिग्धों पर नजर रख रही थी।