तोमर बंधुओं के खिलाफ रायपुर में ब्लैकमेलिंग–ठगी का एक और मामला दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
रायपुर में सूदखोरी और धमकाने के मामलों में कुख्यात वीरेंद्र तोमर उर्फ रूबी और उसके भाई रोहित तोमर के खिलाफ पुलिस ने एक और FIR दर्ज की है। देवेंद्र नगर थाने में मंगलवार को दर्ज हुआ यह मामला पिछले पांच महीनों में दोनों भाइयों पर दर्ज होने वाला आठवां केस है।
शंकर नगर में रहने वाले व्यापारी संजय चांडक ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2021 में वीरेंद्र तोमर परिवार सहित उनकी दुकान पर आया था। उसने घर की सजावट के लिए पर्दे, सोफा कवर, बेडशीट और अन्य महँगा सामान खरीदा। कुछ समय बाद वह एक बार और दुकान पहुँचा और सामान ले गया। कुल मिलाकर करीब 10.50 लाख रुपए का माल उठा लिया, लेकिन एक भी रुपये का भुगतान नहीं किया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, एक साल तक भुगतान को लेकर जब फोन किया गया तो वीरेंद्र टालमटोल करता रहा और बाद में धमकाने लगा। दबाव और डर की वजह से व्यापारी चुप हो गया, लेकिन हाल ही में वीरेंद्र की गिरफ्तारी के बाद उसने हिम्मत जुटाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। तोमर भाइयों पर पिछले कुछ महीनों में मारपीट, उगाही, सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग के मामलों में लगातार केस दर्ज हो रहे हैं। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रोहित तोमर पर मारपीट का अभी एक और मामला चल रहा है।
कर्ज लेकर कई गुना रकम वसूलने के गंभीर आरोप
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तोमर बंधुओं ने कई लोगों से छोटी रकम उधार देकर बदले में कई गुना पैसे वसूल किए। नरेश सचदेवा ने 2.5 लाख उधार लिया, लेकिन कुल 20 लाख लौटाने पड़े। गोपाल कुमार ने 2 लाख लिए, पर अंत में 28 लाख चुकाए। हरीश कछवाहा ने 3.5 लाख लिया और 50 लाख देने पड़े। जयदीप बैनर्जी से 16 लाख का कर्ज लेकर 52 लाख वसूले गए। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद पुलिस दोनों भाइयों के नेटवर्क और सूदखोरी के पूरे रैकेट की पड़ताल कर रही है।