लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए यातायात विभाग के आला अधिकारियों से लेकर यातायात विभाग के जवानों के द्वारा आमजनों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए हेलमेट का उपयोग करने की हिदायत दी जा रही है, लेकिन इन सबके बाद भी लोगों में जागरूकता की काफी कमी देखी जा रही है। इसी तारतम्य में पुलिस ने जब सघन जांच अभियान चलाया तो कुछ लोग सिर्फ पुलिस के डर के चलते हेलमेट को या तो झोले के अंदर या फिर स्कूटी की डिग्गी में डालकर घूम रहे थे, जिन्हें यातायात पुलिस के द्वारा जानकारी देने के साथ ही वाहन चलाने के दौरान हेलमेट का उपयोग करने की बात कही।
बता दें कि बीते कुछ माह में हुए सड़क हादसों में लगभग चार सौ लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद से लगातार दोपहिया सवारों को हेलमेट लगाने व चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की बात कही गई। देखा जाए तो बीते माह आमागुड़ा चौक में हुए सड़क हादसे में एक पूरा परिवार की ट्रक की चपेट में आने के चलते मौत हो गई। वहीं, नगरनार क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में बाइक चालक के पास हेलमेट तो था, लेकिन उसे सिर में न लगाकर उसे पीछे बांधकर चल रहा था। इसके अलावा एक बाइक सवार रात को खड़ी ट्रक में जा टकराया। इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दोनों युवक घायल हो गए थे। ऐसे कई मामले हैं, जहां बाइक सवार अपनी लापरवाही के चलते अपने मौत को दावत देते हैं।
बाइक से सामान बेचने वाले ने झोले में रखा था हेलमेट
पुलिस जांच के दौरान एक बाइक सवार को रोका गया, जो गांव-गांव जाकर डेली नीड्स के सामानों को बेचने के लिए घूमता था। उसके पास हेलमेट तो था, लेकिन उसे झोले में भरकर घूम रहा था। पुलिस ने उसकी सुरक्षा की जानकारी देते हुए हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की हिदायत दी।
युवती ने डिग्गी में रखा था हेलमेट
लालबाग के पास चेकिंग के दौरान जब युवती को रोका गया और हेलमेट नहीं लगाने का कारण पूछा गया तो युवती ने अपने डिग्गी से हेलमेट निकालकर पुलिस को दिखाया। पुलिस की समझाइश के बाद युवती दोबारा ऐसी गलती न करने की बात कहते हुए रोजाना हेलमेट लगाने की बात कही।
चालान न कटे, इसलिए रखते हैं हेलमेट
युवा पीढ़ी का कहना है कि परिजनों ने हेलमेट सुरक्षा के तौर पर तो दिया है, लेकिन उसे तभी लगाते हैं, जब चौक चौराहों में पुलिस के आला अधिकारियों की टीम दिख जाए। अगर गलती से चालान कट जाएगा तो परिजन को क्या जवाब देंगे। इसी डर के चलते हेलमेट को सिर में न लगा अपने सुविधा अनुसार रखे रहते हैं।
क्या कहते हैं डीएसपी यातायात
इस मामले में यातायात डीएसपी संतोष जैन का कहना है कि अगर बार बार समझाइश के बाद हेलमेट का उपयोग नही करने पर कार्रवाई की जाएगी।