बलरामपुर-रामानुजगंज के कनकपुर में कील-तार बिछाकर जंगली सूअर का शिकार करने वाले तीन ग्रामीणों को वन विभाग ने 40 किलो मांस के साथ पकड़ा, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर तीनों को जेल भेजा गया।
बलरामपुर-रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कनकपुर के जंगल में तीन ग्रामीणों ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर कील-तार बिछाकर जंगली सूअर का शिकार किया। शिकार को काटकर खाने की तैयारी चल रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर छापा मारा। वन विभाग की टीम ने तीन आरोपियों छोटेलाल (27), महेश और सुनील (55) को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 40 किलो सूअर का मांस, एक टांगा और दो चाकू बरामद हुए हैं। एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
एसडीओ वन संतोष पांडे और रेंजर निखिल सक्सेना के नेतृत्व में वनपाल दयाशंकर सिंह, पिंटू मालाकार, दिलेश्वर सिंह, विजय सिंह सहित अन्य वन कर्मियों ने कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। रेंजर निखिल सक्सेना ने बताया कि जंगल में कील-तार बिछाकर सूअर का शिकार किया गया था, जिसे काटकर खाने की तैयारी थी।